लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में लोग लंबे समय से नारकीय जीवन जी रहे हैं। इलाके में सीवरेज जाम बड़ी समस्या बनी हुई है। गुरुतेग बहादुर नगर मक्कड़ कालोनी ग्यासपुरा के विकास पब्लिक स्कूल वाली गली कई महीनों से सीवरेज का पानी सड़क पर आने के कारण हालत दयनीय हो गयी है। स्कूल में आने वाले बच्चे गन्दे पानी मे गिर पड़ते है। वीरवार को भी बाइक सवार युवक कन्हैया बाइक सहित व एक 10 वर्षीय बच्ची परी खुले गटर में गिर गए।
लोगों ने बहुत मुश्किल से गटर से निकाल कर निजी अस्पताल भेजवाया। स्कूल के एमडी संतोष भनोट,विकास भनोट ने नगर निगम से इस परेशानी से हल कराने की मांग की है। साइकिल का दुकान चलाने वाले राम सिंह ने बताया कि यहां सीवरेज की बहुत बड़ी समस्या है। बार-बार नगर निगम में शिकायत व धरना प्रदर्शन करने के बाद भी कोई हल नहीं हो पाया। पार्षद प्रभजोत कौर के पिता निर्मल सिंह के दफ्तर में जाकर फोन कर समस्या के हल के बारे में बताया लेकिन कोई हल नहीं हो पाया।
किशन कुमार व प्रकाश सिंह ने कहा कि कई सालों से सीवरेज की समस्या है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या अभी तक हल नहीं हुई है। सीमा देवी व राजेश कुमार ने कहा कि अब तो सरकार 50 गज के मकान पर सीवरेज व पानी का बिल भी वसूलेगी। यह गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है। वहीं नगर निगम के जेई मणिकर्ण सिंह का कहना है कि यह काम जल्द हो जाएगा। इस बारे में विधायक बलविंदर सिंह बैंस ने कहा कि हमें इस समस्या के बारे में जानकारी है।
अपने स्तर से सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवा कर इस दिक्कत से छुटकारा दिलवाने की कोशिश करेंगे। पार्षद के पिता निर्मल सिंह एसएस ने कहा कि विपक्ष का पार्षद होने के कारण नगर निगम में भेदभाव हो रहा है। हम प्रयासरत है कि इलाके में कोई भी ऐसी दिक्कत न आये लेकिन यह कार्य राजनीतिक रूप पकड़ लिया है वही पर सड़क का निर्माण कार्य जो चल रहा है वह भी कछुआ चाल चल रहा है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
Source: jagran